
ख़बरें
सरकारी बालिका गृह की 57 लड़कियां कोरोना वायरस संक्रमित, दो नाबालिग लड़कियां गर्भवती
Image Credits: bhartiyabasti
June 22, 2020
SHARES
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सरकारी बालिका संरक्षण गृह में रहने वाली 57 लड़कियों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। इनमें से पांच लड़कियां गर्भवती हैं जिनमें से कम से कम दो नाबालिग हैं। इन लड़कियों को आगरा, एटा, कन्नौज, फिरोजाबाद और कानपुर की बाल कल्याण समितियों द्वारा कानपुर रेफर किया गया था। प्रशासन ने जिन दो लड़कियों के गर्भवती होने की जानकारी दी थी, उनकी उम्र 17 साल बताई जा रही है।
एक लड़की के HIV और एक अन्य लड़की के हेपेटाइटिस सी पॉजिटिव होने की अनाधिकारिक खबरें भी हैं।
दो दिन पहले स्वरूप नगर के राजकीय बाल संरक्षण गृह की एक लड़की ने फ्लू जैसे लक्षण और सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत की थी, जिसके बाद उसका कोरोना वायरस टेस्ट किया गया तो वह पॉजिटिव निकली। इसके बाद अन्य 33 लड़कियों का टेस्ट किया गया और वे भी कोरोना वायरस से संक्रमित निकलीं। बाद में 16 और फिर सात अन्य लड़कियों को भी संक्रमित पाया गया।
इसके बाद पूरे बालिका गृह को सील कर दिया गया।
इंडियन एक्सप्रेस ने डिप्टी चीफ प्रोबेशन अफसर श्रुति शुक्ला के हवाले से लिखा है, “गर्भवती लड़कियां यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (POCSO) के तहत किए गए अपराधों की शिकार होती हैं उनमें से कुछ आठ महीने की गर्भवती हैं।”
मामले पर सफाई देते हुए जिलाधिकारी डॉ ब्रह्म देव राम तिवारी ने बताया कि बालिका गृह की सात लड़िकयां गर्भवती हैं। उन्होंने कहा कि यहां लाने से पहले ही गर्भवती थीं।
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर ने कहा, “हाल ही में कुछ लड़कियों को कानपुर के एक अस्पताल भेजा गया था और उनके साथ बालिका गृह के कुछ कर्मचारी भी गए थे, हो सकता है कि इसी दौरान किसी को संक्रमण लगा हो।”
उन्होंने कहा कि सभी लड़कियां एक साथ रहती हैं, इसलिए संक्रमण बाकी लड़कियों में भी फैल गया। सभी संक्रमित लड़कियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गर्भवती पाई गई दो लड़कियां नाबालिग हैं और ये हंगामे का कारण बना हुआ है। कानपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने कहा कि एक लड़की को कन्नौज, वहीं दूसरी को आगरा से बालिका गृह लाया गया था और वे यहां लाए जाने से पहले से ही गर्भवती थीं।
अपने विचारों को साझा करें