
ख़बरें
वीडियो देखिये, आंध्र प्रदेश में मास्क पहनने को कहने पर महिला सहकर्मचारी को पीटा
July 1, 2020
SHARES
आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। वहां दरगामिट्टा स्थित आंध्र प्रदेश पर्यटन विभाग के एक होटल में कार्यरत डिप्टी मैनेजर ने मास्क लगाने की कहने पर एक महिला कर्मचारी की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोषी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया।
टूरिज्म डिपार्टमेंट का मामला
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, घटना नेल्लोर के टूरिज्म डिपार्टमेंट में शनिवार सुबह हुई। सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है। एक व्यक्ति तेजी से कमरे में घुसता है। यहां कुछ कर्मचारी काम में व्यस्त हैं। यह व्यक्ति सामने की तरफ बैठी महिला कर्मचारी के पास पहुंचता है। उसे बाल पकड़कर जमीन पर गिरा देता है। महिला की टेबल के बगल में रखी रॉड जैसी कोई वस्तु उठाकर उसे मारना शुरू करता है।
#WATCH An employee of a hotel in Nellore under Andhra Pradesh Tourism Department beat up a woman colleague on 27th June following a verbal spat. Case registered against the man under relevant sections. pic.twitter.com/6u9HjlXvOR
— ANI (@ANI) June 30, 2020
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार दारगामिट्टा थाने के उप निरीक्षक के वेणुगोपाल ने बताया कि गिरफ्तार डिप्टी मैनेजर सी भास्कर है। उन्होंने बताया कि गत 27 जून को भास्कर होटल में वरिष्ठ लेखाकार से बात कर रहा था। उस दौरान उसने मास्क नहीं पहन रखा था।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए वहां संविदा पर कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने उसे मास्क लगाने को बोल दिया। इससे उसे सबके सामने अपमान महसूस हुआ और वह गुस्से से लाल हो गया। इसके बाद वो महिला कर्मचारी को मारने के लिए आगे बढ़ा।
अफसर की हरकत देखकर कुछ कर्मचारी दौड़कर उसके पास पहुंचते हैं। उसके हाथ से रॉड छीनने और महिला को बचाने की कोशिश करते हैं। महिला कुर्सी से जमीन पर गिर जाती है। मारपीट करने के बाद यह व्यक्ति बाहर कमरे से बाहर निकल जाता है। इस व्यक्ति का नाम भास्कर बताया गया है। वो टूरिज्म डिपार्टमेंट में डिप्टी मैनेजर है। महिला ने मंगलवार को मामला दर्ज कराया। देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, महिला ने आरोपी अफसर को संक्रमण से बचने के लिए मास्क लगाने की सलाह दी थी। अफसर ने इसे अपनी बेइज्जती माना।
उप निरीक्षक वेणुगोपाल ने बताया कि पूरी घटना होटल के कार्यालय में लगे CCTV में कैद हो गई थी और किसी ने उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इसमें साफ दिखाई और सुनाई दे रहा है कि आरोपी सी भास्कर महिला कर्मचारी की पिटाई करते हुए अभद्र भाषा का उपयोग कर रहा है।
अपने विचारों को साझा करें